
कोरबा (सेंट्रल छत्तीसगढ़)हिमांशु डिक्सेना:- बोल बम कावड़ यात्रा समिति पाली के तत्वाधान में इस वर्ष सावन के तीसरे सोमवार 28 जुलाई को चैतुरगढ़ से पाली तक की पैदल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया है. समिति द्वारा आगामी तीसरे सावन सोमवार को शिव सावन महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. समिति के अनुसार 27 जुलाई दिन रविवार को शाम तक कांवड़ यात्री चैतुरगढ़ पहुंचेंगे.जहां रात्रि में भजन भोजन के बाद प्रातः स्नान ध्यान से निवृत होकर गरगज सरोवर से अपने कांवर में जल भरकर पाली के लिए पैदल रवाना होंगे. डीजे बाजे गाजे के साथ 32 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा करने के पश्चात जेमरा, लाफा,सैला होते हुए पाली के पुरातन शिव मन्दिर पहुँच कर जलाभिषेक करेंगे. शिव मन्दिर चौक परिसर में शिव सावन महोत्सव अंतर्गत दोपहर 2:00 बजे से शिव भजन संध्या का कार्यक्रम रखा गया है. जिसमें क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक विसु श्रीवास अपनी टीम के साथ भगवान भोलेनाथ के विविध भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देंगे. शिव मंदिर सेवा समिति के द्वारा शिव भक्तों के लिए खीर पूरी सब्जी आदि अन्य प्रसाद जलपान की व्यवस्था रहेगी. वही कावड़ यात्रा मार्ग पर भी जलपान की व्यवस्था शिव भक्त श्रद्धालुओ द्वारा किया गया है. बोल बम कावड़ यात्रा समिति के द्वारा प्रतिवर्ष यह आयोजन सावन के महीने में किया जाता है. इसे लेकर शिव भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.