
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): विकासखंड पाली अंतर्गत संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नूनेरा में बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम शासन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि और गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल, ग्राम पंचायत नूनेरा की सरपंच श्रीमती जागृति मुकेश श्रोते, उपसरपंच श्रीमती गनेशिया अहीर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.एन. साहू, संकुल स्रोत समन्वयक आर.जी. जायसवाल, तारकेश्वर पटवा, मो. गनी, कादिर हुसैन, दाऊ राम साहू, जय राम जगत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन से हुई। तत्पश्चात सेजेस नूनेरा की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य और माध्यमिक शाला की छात्राओं द्वारा करमा नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर गया।
शिक्षा अधिकारी और अतिथियों का मार्गदर्शन
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एस.एन. साहू ने प्रवेश उत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सप्ताह में एक दिन नैतिक शिक्षा दी जानी चाहिए। विधायक तुलेश्वर मरकाम ने अपने उद्बोधन में बच्चों से प्रतिदिन विद्यालय आने और शिक्षकों का सम्मान करने का आग्रह किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल ने सरकार की योजनाओं जैसे गणवेश, पाठ्यपुस्तक और छात्रवृत्ति की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनका लाभ उठाने की सलाह दी।
नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर किया स्वागत
कार्यक्रम में कक्षा 1, 6 और 9 में नवप्रवेशी छात्रों का तिलक और मुँह मीठा कराकर स्वागत किया गया। इससे पहले अतिथियों ने उन्हें आशीर्वाद और प्रेरणादायी संदेश भी दिए।
मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं और 12वीं में श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले तथा राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
अनेक स्कूलों की रही भागीदारी
इस कार्यक्रम में संकुल नूनेरा अंतर्गत सभी विद्यालयों की भागीदारी रही, जिनमें माध्यमिक शाला नूनेरा, माध्यमिक शाला रंगोले, प्राथमिक शाला नूनेरा, प्राथमिक शाला डिप्सीपारा, प्राथमिक शाला चौकपारा, प्राथमिक शाला रंगोले, प्राथमिक शाला सिलियारी, प्राथमिक शाला टेढ़ीकुआं और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय नूनेरा शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निर्मला शर्मा और श्रीमती हिमांशु ठाकुर ने किया। संपूर्ण आयोजन संकुल प्राचार्य आर.पी. लहरे और संकुल समन्वयक अशोक भारद्वाज के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।