
कोरबा ( ,सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) अकित सिंह : जिले में अपराधियों ने एक बार फिर से दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। टैक्सी बुकिंग के बहाने चार युवकों ने चालक को किडनैप कर कार लूट ली और उसे जंगल में फेंककर फरार हो गए। यह घटना जिले के उरगा और बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई है।
चाकू और बंदूक की नोक पर किडनैप
जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी अंकुश यादव की शिफ्ट डिजायर कार को चार अज्ञात युवकों ने टैक्सी स्टैंड से कोरबा जाने के लिए बुक किया। यात्रा के दौरान जब गाड़ी उरगा थाने के बरपाली गांव के पास पहुंची, तो आरोपियों ने उल्टी करने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और मौके का फायदा उठाकर अंकुश यादव के गले में चाकू अड़ा दिया। इसके बाद बंदूक की नोक पर उसे किडनैप कर लिया गया।
मोबाइल छीना और जंगल में छोड़ा
आरोपियों ने न सिर्फ अंकुश का मोबाइल लूटा बल्कि उसे मारपीट करते हुए मड़वारानी के रास्ते कोरबा, कटघोरा होते हुए बांगो पहुंचे। यहां गुरसिया गांव के जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। किसी तरह पीड़ित चालक वहां से निकला और नजदीकी बांगो पुलिस थाना पहुंच कर पूरी घटना की जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हरकत में आकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की करतूत चोटिया टोल नाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिल सकती है।
अम्बिकापुर की ओर भागे लुटेरे
पुलिस के अनुसार, लुटेरे ड्राइवर को बांगो क्षेत्र में उतारने के बाद शिफ्ट डिजायर कार लेकर अम्बिकापुर की ओर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पीड़ित अंकुश यादव ने बताया कि – “गाड़ी बुकिंग के नाम पर चार युवक चांपा से सवार हुए थे। कुछ दूर जाकर मुझे बंदूक और चाकू दिखाकर डराया गया, मोबाइल छीना गया और फिर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।”
कोरबा पुलिस ने बताया कि घटना गंभीर है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।