कोरबा : छुरी नगर पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का हुआ आयोजन.. लोग जनकल्याणकारी योजनाओं से हुए लाभान्वित.

कोरबा/छुरी 26 दिसम्बर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : नगर पंचायत छुरी की ओर से छुरी के इंदिरा चौक में आज विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां संकल्प यात्रा में डिजिटल वाहन से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वही कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य,खाद्य आपूर्ति, नगर पंचायत, उज्ज्वला योजना, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं महिला बाल विकास, उद्यान सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों ने स्टाल के माध्यम से नगर वासियों को योजनाओं की जानकारी दीl

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नगर पंचायत छुरी के सीएमओ वी जे करुणाकर देव ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को भी बेहतर जीवन देने के लिए योजनाओं का संचालन कर रही है। ऐसे में योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों तक योजनाओं को पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की गई है। ग्रामीणों को यात्रा का सदुपयोग करते हुए योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान सीएमओ ने उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ भी दिलाई। स्वयं सहायता समूह की ओर से इस दौरान स्टाल लगाए गए थे। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुगर, ब्लड प्रेशर की जांच की गई। संकल्प यात्रा में मेले की तरह माहौल दिखा लोग बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन स्थल पर योजनाओं की जानकारी ले रहे थे।

आयोजन स्थल इंदिरा चौक में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, संगठन से जुड़ी महिलाएं और लाभार्थी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। आयोजन स्थल पर लगभग 9 से अधिक विभागों द्वारा अपने स्टाल लगाए गए थे। आयोजन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने सभी योजनाओं के छोटे पात्र लाभार्थियों से यात्रा का सदुपयोग कर योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। इस दौरा छुरी नगर पंचायत की अध्यक्ष नीलिमा देवांगन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक देवांगन, उपाध्यक्ष हीरानंद पंजवानी, पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती बिंझवार, भाजपा जिला महामंत्री संतोष देवांगन, इंजीनियर रंजना कौशिक, नगर पंचायत छुरी के समस्त पार्षद व बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।