धमतरीः निगम में कांग्रेस का कब्जा, मतदान के दौरान भाजपा को उठाना पड़ा क्रॉस वोटिंग का खामियाजा

धमतरी (सेंट्रल छत्तीसगढ़) हिमांशु डिक्सेना – नगर निगम धमतरी में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए शहरी सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। निगम में हुए मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग का खामियाजा भाजपा को उठाना पड़ा और धमतरी में पहली बार कांग्रेस से महापौर और सभापति चुन लिये गये। आपको बता दें कि धमतरी नगर निगम में कुल 40 वार्ड पार्षद हैं। इस 40 वोट में से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विजय देवांगन को 22 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी धनीराम सोनकर को 18 वोट ही हासिल हुए। इसी तरह कांग्रेस के सभापति प्रत्याशी पूर्व नेता प्रतिपक्ष अनुराग मसीह को 25 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र शर्मा 15 वोट ही हासिल कर पाए।

भाजपा के नेता क्रॉस वोटिंग की समीक्षा कर कार्यवाई करने की बात कर रहे

मतदान से पहले भाजपा ने अपने पास 19 पार्षद होने का दावा किया था, लेकिन इस दावे के अनुसार वोट नहीं मिल पाया और क्रॉस वोटिंग की वजह से भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा। जिसके चलते कांग्रेस को इसका फायदा हुआ। बता दें कि धमतरी नगर निगम की कुल 40 सीटों में से कांग्रेस के पास 18, भाजपा के पास 17 सीट थी, जबकि 5 सीट पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया था। कांग्रेस के लोग इस जीत को राज्य सरकार द्वारा किये गए कार्यों की उपलब्धियों से मिली जीत मान रहे हैं, जनता के आशीर्वाद को मान रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा के नेता क्रॉस वोटिंग की समीक्षा कर कार्यवाई करने की बात कर रहे हैं।