
कटघोरा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़)। नगर के खेल मैदानों को स्वच्छ और खेलने योग्य बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा आज सुबह 7:00 बजे एक विशेष ‘स्वच्छता महाअभियान’ चलाया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत हाई स्कूल खेल मैदान और स्टेडियम परिसर में लगातार हुई बारिश के कारण जमा हुए कचरे और गंदगी की व्यापक साफ-सफाई की गई।
इस महाअभियान में नगर पालिका के कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों और स्वच्छता बहनों के साथ-साथ स्थानीय खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। सभी ने मिलकर पूरे स्टेडियम और खेल मैदान से कचरा साफ कर मैदान को संवारा।
खेल प्रेमियों ने जताया अध्यक्ष का आभार
इस स्वच्छता अभियान में प्रमुख रूप से नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीवलखन पाल सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट एवं खेल प्रेमी शामिल हुए। मैदान की सफाई होने से उत्साहित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने इस सराहनीय पहल के लिए नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि खेल मैदान नगर की धरोहर हैं और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए स्वच्छ व बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।