बिलासपुर के मेले में महकी कटघोरा की माटी की खुशबू: चीला-फरा के मुरीद हुए डिप्टी सीएम अरुण साव, दीदियों का बढ़ाया हौसला

कोरबा /सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ । शहर में चल रहे पीएम स्वनिधि महोत्सव और मड़ई मेले की चकाचौंध के बीच एक स्टॉल ऐसा भी है, जो लोगों को सीधे छत्तीसगढ़ के गाँव और घर के आंगन की याद दिला रहा है। यह स्टॉल है— कटघोरा का ‘गढ़कलेवा’। यहाँ परोसे जा रहे पारंपरिक पकवानों की खुशबू और स्वाद ने पूरे मेले का दिल जीत लिया है।

​जब डिप्टी सीएम खुद को स्वाद चखने से नहीं रोक पाए

मेले में भ्रमण के दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव भी जब गढ़कलेवा के इस स्टॉल के पास से गुजरे, तो देसी व्यंजनों की सादगी और महिलाओं के आत्मविश्वास ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने स्टॉल का बारीकी से अवलोकन किया और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखा। स्वाद से प्रभावित होकर श्री साव ने दीदियों की जमकर पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा, “कटघोरा की श्रीया समूह की दीदियां जिस लगन से गढ़कलेवा चला रही हैं, वह पूरे प्रदेश की महिलाओं के लिए एक मिसाल है।” साथ ही उन्होंने समूह को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

​छह दीदियों की मेहनत और पारंपरिक स्वाद का जादू

समूह की अध्यक्ष श्रीमती नीलम सोनी के नेतृत्व में बबीता डिक्सेना, प्रेमा यादव, राजमती यादव, दुर्गा और ईश्वरी श्रीवास ने इस स्टॉल में अपनी पूरी मेहनत झोंक दी है। इनके हाथों से बने गरमा-गरम चीला, फरा, खस्ता ठेठरी, खुरमी और बरा का स्वाद चखने के लिए मेले में आए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। आधुनिक फास्ट-फूड के दौर में लोग इन पारंपरिक व्यंजनों को बड़े चाव से खा रहे हैं।

​आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहीं दीदियां

अपनी इस सफलता पर भावुक और उत्साहित नजर आ रहीं समूह की अध्यक्ष नीलम सोनी कहती हैं, “पीएम स्वनिधि योजना और नगर पालिका कटघोरा के साथ ने हमें अपने हुनर को इतने बड़े मंच पर दिखाने का मौका दिया। आज प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जी का हमारे स्टॉल पर आना और हमारे काम की तारीफ करना, हम सभी दीदियों की मेहनत का सबसे बड़ा सम्मान है।”