खनिजों की ताकत से छत्तीसगढ़ को नई उड़ान देने की तैयारी, केंद्र ने तकनीकी सुधारों को सराहा

रायपुर : खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में खनिज उत्पादन बढ़ाने, नए भंडारों की खोज, कोयला परियोजनाओं को गति देने और खनन प्रभावित क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाने पर मंथन हुआ। बैठक में प्रदेश को वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिजों से मिले 16,738 करोड़ रुपये के राजस्व को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खनिज संपदा का लाभ केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा फायदा स्थानीय लोगों, विशेषकर जनजातीय समुदायों और खनन प्रभावित क्षेत्रों को मिलना चाहिए। उन्होंने खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के साथ रोजगार सृजन तथा आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।

खनिज प्रशासन में तकनीक का इस्तेमाल, केंद्रीय मंत्री ने की सराहना

बैठक में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने छत्तीसगढ़ सरकार की तकनीक आधारित पहलों की प्रशंसा की। खनिज ऑनलाइन 2.0 पोर्टल, ड्रोन से निगरानी, खनन गतिविधियों की स्टार रेटिंग और डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था को खनन प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

इन व्यवस्थाओं के जरिए खनिज परिवहन पर निगरानी, अवैध खनन पर नियंत्रण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने खनिज राजस्व बढ़ाने और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से जुड़े राज्य सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

16,738 करोड़ रुपये का खनिज राजस्व, क्रिटिकल मिनरल्स पर फोकस

बैठक में दिए गए प्रस्तुतीकरण के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ को खनिजों से 16 हजार 738 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। कोयला, लौह अयस्क, चूना पत्थर और टिन के उत्पादन में वृद्धि की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही लिथियम, ग्रेफाइट, दुर्लभ मृदा तत्व, वैनेडियम, गैलियम और फॉस्फोराइट जैसे क्रिटिकल एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने नए खनिज भंडारों की खोज के लिए उपलब्ध केंद्रीय बजट का अधिकतम उपयोग करने और नीलाम किए गए खनिज ब्लॉकों को शीघ्र संचालन में लाने पर जोर दिया।

डीएमएफ की राशि से बदलेगी खनन प्रभावित इलाकों की तस्वीर ?

केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने जिला खनिज संस्थान न्यास यानी डीएमएफ की राशि का अधिकतम उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में करने की बात कही। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। नक्सल प्रभावित रहे जिलों को डीएमएफ के उपयोग में मिली विशेष छूट का लाभ भी स्थानीय विकास कार्यों में उठाने पर जोर दिया गया।

खनन पूरा कर चुकी खदानों को वैज्ञानिक तरीके से बंद करने और वहां की भूमि के बेहतर पुनः उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता भी बताई गई।

बस्तर के टिन संग्राहकों को मिल रहा बेहतर मूल्य

बैठक में बस्तर के जनजातीय टिन संग्राहकों के लिए विकसित TIN पोर्टल को विशेष सराहना मिली। इस व्यवस्था से टिन अयस्क की खरीदी, परिवहन, मूल्य निर्धारण और भुगतान की प्रक्रिया डिजिटल एवं पारदर्शी बनाई गई है। डीबीटी के माध्यम से भुगतान सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाया जा रहा है।

प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 8,707 किलोग्राम से अधिक टिन अयस्क की खरीदी पर लगभग 90.82 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। वर्ष 2025-26 में 20,895 किलोग्राम से अधिक टिन अयस्क के लिए लगभग 3.81 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। वर्तमान में बस्तर संभाग में छह टिन क्रय केंद्र संचालित हैं और तीन नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

SECL के साथ भी हुई कोयला उत्पादन की समीक्षा

बैठक में प्रदेश के चालू और गैर-संचालित कोयला ब्लॉकों, उत्पादन क्षमता, वैधानिक स्वीकृतियों और परिचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा हुई। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के साथ हुई समीक्षा में कोयला उत्पादन बढ़ाने और खदानों के संचालन में आ रही समस्याओं पर विचार किया गया। संबंधित जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार ने खनिज एवं कोयला क्षेत्र के विकास, निवेश, रोजगार सृजन और खनन प्रभावित क्षेत्रों के समावेशी विकास के लिए समन्वय के साथ काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।