
पाली/कोरबा – सेन्ट्रल छत्तीसगढ़: पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चैतमा में आयोजित दशहरा कार्यक्रम के दौरान देर रात उपद्रव, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल देर रात लगभग 1:30 बजे एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर चैतमा में दशहरा कार्यक्रम देखने पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए पैसे और मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने सामने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की और नकदी लूट ली। घटना के बाद जब विवाद बढ़ा, तो आरोपी अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पंजीकरण क्रमांक: CG 12 AK 4863) को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।
पीड़ित पक्ष द्वारा तत्काल चैतमा पुलिस चौकी में मामले की सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि जब तक पुलिस को सूचित किया गया, तब तक मौका पाकर संबंधित व्यक्ति वहां से फरार होने में कामयाब रहा।
वाहन पंजीयन विवरण के अनुसार, उक्त बाइक (CG 12 AK 4863) का पंजीकृत मालिक राहुल सिंह श्याम बताया जा रहा है। मामले में वाहन मालिक/चालक के खिलाफ स्थानीय चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित पक्ष की ओर से घोषणा की गई है कि आरोपी के संबंध में पुख्ता जानकारी या उसका पूरा पता देने वाले व्यक्ति को नगद इनाम (हजारों रुपये) दिया जाएगा। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।