
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) कटघोरा: नगर पालिका परिषद कटघोरा कार्यालय प्रांगण में सोमवार को ‘सेवा सेतु’ शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक सुगमता से पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री राज जायसवाल ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। इसके साथ ही दिव्यांगता प्रमाणपत्र, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, कृषि, श्रम, विद्युत विभाग, पीएम स्वनिधि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE), सोलर एनर्जी तथा आधार सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का समाधान हाथों-हाथ किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने ‘सेवा सेतु’ शिविर के सफल आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे नागरिकों के दरवाजे तक पहुँचती हैं, जिससे आमजन को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखें और इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पार्षद श्री अजय गर्ग, हरीश यादव, आत्मानारायण पटेल, पीयूष गर्ग, अनुराग दुलानी, लखु देवांगन सहित समस्त पार्षदगण, तहसीलदार श्री सूर्य प्रकाश केशकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) श्री मुद्रिका प्रसाद तिवारी, उप अभियंता श्री अनिल कुमार राम, फराज खान, शांति लाल मिरी, पीयूष साहू, ओमप्रकाश भारद्वाज सहित पालिका के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।