वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती पर GSU ने किया नमन: संगठन विस्तार और छात्र हितों पर बनी ठोस रणनीति

  कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़: गोंडवाना साम्राज्य की अद्वितीय शासिका वीरांगना रानी दुर्गावती मंडावी की जयंती पर गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (GSU) जिला कोरबा द्वारा कटघोरा स्थित गोंडवाना भवन में एक भव्य जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना रानी दुर्गावती के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान और ऐतिहासिक बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

​बैठक में मुख्य रूप से 28 अक्टूबर को गोंडवाना रत्न दादा हीरा सिंह मरकाम की पुण्यतिथि को गरिमामय ढंग से आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई। इसके साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक मजबूती और सदस्यता अभियान को बूथ व ग्रामीण स्तर तक गति देने पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

​वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से जुड़ी मूलभूत समस्याओं, उच्च शिक्षा में आने वाली बाधाओं और स्थानीय स्तर पर युवाओं के अधिकारों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। बैठक में यह संकल्प दोहराया गया कि छात्र हितों और सामाजिक सरोकारों के मुद्दों पर GSU सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर संघर्ष करेगा।

​इस अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य विदवान सिंह मरकाम, GSU के प्रदेश महासचिव अनिल पोया, जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र श्याम, जिला उपाध्यक्ष सीमा नेटी, पोंड़ी उपरोड़ा के जनपद सदस्य रघुराज सिंह नेताम, कटघोरा ब्लॉक संरक्षक इन्द्रजीत नेटी, ब्लॉक उपाध्यक्ष चांदनी उर्रे, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष चंद्रिका मरावी, ब्लॉक मीडिया प्रभारी वृंद मरपच्ची, विरेंद्र ओरकेरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, छात्र प्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।