कटघोरा: विवाहिता का नहाते वक्त वीडियो बनाने का मामला, पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती में एक विवाहित महिला का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा के वार्ड क्रमांक 11 (पुरानी बस्ती) निवासी एक विवाहिता जब स्नान कर रही थी, तभी पड़ोस के एक युवक द्वारा उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने का प्रयास किया गया। महिला की नजर पड़ते ही उसने विरोध जताया और तत्काल पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत कटघोरा थाने में दर्ज कराई।

​आरोपी की पहचान और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

मामले में आरोपी युवक की पहचान उबेद हसन (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आरोपी के विरुद्ध धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उसे कार्यपालक दंडाधिकारी (तहसीलदार न्यायालय) के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से आवश्यक मुचलके के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

​आईटी/बीएनएस प्रावधानों के तहत जांच जारी

कटघोरा पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला की निजता भंग करने (ताक-झांक/वीडियो बनाने) से संबंधित सुसंगत धाराओं (धारा 77 BNS) के तहत प्रकरण की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल की तकनीकी जांच के उपरांत मामले में आगे की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।