
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) :कटघोरा के वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के सदस्य शिव कुमार शर्मा ( शिबू महाराज) का आज सुबह हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और यशोदा अस्पताल में उनका उपचार जारी था। आज सुबह लगभग 11:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के पत्रकार जगत और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्व. शिव कुमार शर्मा प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘देशबंधु’ में लंबे समय से सक्रिय पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे स्वर्गीय मामचंद शर्मा के कनिष्ठ (छोटे) सुपुत्र एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा के छोटे भाई थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार, जिसमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं, छोड़ गए हैं।
पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के माध्यम से हैदराबाद से उनके गृह ग्राम कटघोरा लाया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल कटघोरा स्थित राधा सागर मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकार साथियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।