रायपुर। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जिंदगी की उम्मीद बन सकता है। इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए रायपुर में 23 सितंबर को रक्तदान महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में रक्तदान करने वालों को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों की ओर से विशेष छूट, स्वास्थ्य सुविधाएं, गिफ्ट हैम्पर और अन्य लाभ भी मिलेंगे।
स्थान : बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर
समय : सुबह 10 बजे से
एक बूंद रक्त, किसी की जिंदगी की उम्मीद
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस महाकुंभ का उद्देश्य रक्तदान को जनभागीदारी की मुहिम बनाना है। आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि महिलाएं भी रक्तदान के लिए आगे आ रही हैं और उनके लिए कई संस्थानों ने अलग से विशेष लाभ घोषित किए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े अभियानों को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा भी नागरिकों को ऐसे सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह की देखरेख में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रक्तदाता खाली हाथ नहीं लौटेंगे
रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए रायपुर के व्यापारिक और सेवा क्षेत्र से जुड़े कई संस्थानों ने अपनी ओर से विशेष ऑफर दिए हैं। यानी रक्तदान के साथ सेवा का संतोष तो मिलेगा ही, प्रमाणपत्र के आधार पर कई जगहों पर अतिरिक्त लाभ भी लिया जा सकेगा।
ऑटोमोबाइल
हीरो, होंडा और टीवीएस डीलरों की ओर से 5,000 रुपये तक की छूट। महिला रक्तदाताओं को कार डीलरशिप पर एसेसरीज में अतिरिक्त छूट का लाभ।
मोबाइल खरीदी
रवि भवन व्यापारी संघ की ओर से मोबाइल खरीदी पर एसेसरीज में 15 प्रतिशत तक की छूट।
अस्पताल सुविधा
ममता हॉस्पिटल में गायनिक सलाह, सोनोग्राफी और ईसीजी की निःशुल्क सुविधा।
होटल और रिसोर्ट
बेबीलोन में भोजन पर 15%, मायरा रिसोर्ट में 20% और मेफेयर में 15% तक की छूट।
कंप्यूटर-लैपटॉप
महिला रक्तदाताओं को खरीदी पर गिफ्ट हैम्पर, जिसमें वायरलेस माउस, माउस पैड और क्लीनिंग किट शामिल हैं।
फर्नीचर
महिला रक्तदाताओं को फर्नीचर खरीदी पर 2 से 10 प्रतिशत तक की छूट।
महिलाओं के लिए भी कई खास फायदे
महिला रक्तदाताओं को विशेष रूप से कई संस्थानों ने ऑफर दिए हैं। फर्नीचर खरीदी पर 2 से 10 प्रतिशत तक की छूट, कंप्यूटर और लैपटॉप पर गिफ्ट हैम्पर तथा विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में प्रमाणपत्र दिखाने पर 5 से 30 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है।
चश्मे से लेकर रेस्टोरेंट तक, यहां भी मिलेगा लाभ
- लंदन आई: चश्मे के फ्रेम पर 25 प्रतिशत तक की छूट, 17 अक्टूबर तक।
- एसबीएच हॉस्पिटल: कॉस्मेटिक खरीदी पर 2,000 रुपये तक का वाउचर।
- रेस्टोरेंट एवं कैफे: महिला रक्तदाताओं को 10 प्रतिशत तक की छूट।
- फिनोलॉजी वेंचर: महिला रक्तदाताओं को चार्जेस में 20 प्रतिशत तक की छूट।
- जीवन बीमा मार्ग व्यवसायी संघ से जुड़े प्रतिष्ठान: प्रमाणपत्र दिखाने पर 5 से 30 प्रतिशत तक की छूट।
सोलर पैनल पर भी खास ऑफर
रक्तदान करने वाले सभी दाताओं के लिए सोलर पैनल लगवाने पर 5,000 से 15,000 रुपये तक की विशेष छूट दी जाएगी।
रक्तदान से आगे बढ़कर सेवा की मुहिम
सेवा संकल्प अभियान का संदेश केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है। अभियान के माध्यम से समाज में सहयोग, संवेदना और जरूरतमंदों के साथ खड़े होने की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। रक्तदान महाकुंभ इसी सोच को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने की एक पहल है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस आयोजन में सहभागी बनने और रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा में योगदान देने की अपील की है। एक रक्तदाता का छोटा सा प्रयास किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है।
नोट : विभिन्न प्रतिष्ठानों की छूट और सुविधाएं उनके निर्धारित नियमों तथा रक्तदान प्रमाणपत्र/प्रमाण के आधार पर लागू होंगी।