
कोरबा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) । बिंझरा पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा, समर्पण और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज जिला भाजपा कार्यालय में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह द्वारा क्षेत्र की जनता के लिए एंबुलेंस सेवा समर्पित की गई। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में यह पहल क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं तथा अस्पताल तक तत्काल पहुंच की आवश्यकता वाले मरीजों के लिए यह सेवा उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय जी, संभाग संगठन प्रमाण प्रभारी रामू रोहरा जी संभाग शाह प्रभारी अभिषेक शुक्ला जी जिला संगठन प्रभारी है अनिल केसरवानी जी रायपुर संभाग प्रभारी डॉ राजीव सिंह जी प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री योगेश लांबा जी कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन जी, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल जी, जिला संगठन सह प्रभारी श्री बृजेन्द्र शुक्ला जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को पाली-तानाखार क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत किया और इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनता की सेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य होना चाहिए। जरूरत के समय किसी मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना कई बार जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। ऐसे में एंबुलेंस जैसी सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. पवन सिंह ने कहा कि पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना के साथ यह एंबुलेंस सेवा समर्पित की गई है। क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाया जा सके, यही इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि “सेवा, समर्पण और सुशासन” की भावना के साथ क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना और जनता की समस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
एंबुलेंस के रवाना होने के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह एंबुलेंस सेवा पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सहायता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में देखी जा रही है। इससे दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचने में मदद मिलेगी और जरूरत के समय उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
