युवा शक्ति को नई दिशा देने की तैयारी ! CM साय ने कहा – युवाओं की प्रतिभा से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए सरकार अब गांव से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ने से उनमें नेतृत्व क्षमता के साथ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।

2.65 करोड़+
देशभर में युवा
6.60 लाख+
छत्तीसगढ़ में युवा
233
छत्तीसगढ़ में ELP

युवाओं को सिर्फ अवसर नहीं, नेतृत्व की जिम्मेदारी भी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का युवा डिजिटल दुनिया से जुड़ा हुआ है। उसकी सोच व्यापक है और वह नई तकनीक व बदलाव को तेजी से अपनाता है। इस ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए युवाओं को ऐसे मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है, जहां वे समाज और प्रदेश के लिए काम कर सकें।

उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण, पर्यटन, कृषि, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका बढ़ाने के निर्देश दिए।

‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से युवाओं की रुचि और प्रतिभा की पहचान कर उन्हें उपयुक्त अवसर देने को कहा।

डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भावना, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को गैर-राजनीतिक सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

बस्तर के युवाओं पर विशेष फोकस

CM साय ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से बड़े स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि शांति और विकास की दिशा में बढ़ रहे बस्तर के युवाओं को प्रतिभा दिखाने और नेतृत्व करने के नए अवसर मिलना जरूरी है।

बस्तर में युवाओं की प्रतिभा को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक हिंसा और भय की परिस्थितियों से प्रभावित रहा है। अब यहां शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर बन रही है। ऐसे समय में बस्तर के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि माय भारत के जरिए बस्तर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए अनुभव हासिल करने और नेतृत्व के अवसर प्राप्त करने का मंच मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का उदाहरण देते हुए कहा कि इन आयोजनों ने युवाओं को खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। माय भारत के माध्यम से भी ऐसे अवसरों का विस्तार किया जाना चाहिए।

माय भारत से जुड़ चुके 6.60 लाख से अधिक युवा

बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ की शुरुआत 31 अक्टूबर 2023 को हुई थी। वर्तमान में देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा माय भारत से जुड़ चुके हैं।

माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

ELP और वालंटियर गतिविधियों से मिल रहा अनुभव

बैठक में बताया गया कि देशभर में 24,900 से अधिक Experiential Learning Programmes के जरिए 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ELP के माध्यम से 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं।

देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के जरिए 10 लाख से अधिक युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 5,778 वालंटियर अवसरों के माध्यम से 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया है।

यंग लीडर्स डायलॉग से तैयार होंगे युवा नेतृत्वकर्ता

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को युवाओं के नेतृत्व विकास की महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में इसमें 30 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ में भी ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर चर्चा हुई। इसके जरिए खेल, स्वास्थ्य, पंचायत, ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल, समाज कल्याण, पर्यटन, कृषि और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

गांव से राज्य तक तैयार होगा युवा नेटवर्क

माय भारत की व्यवस्था के तहत राज्य और जिला स्तर पर कार्यालयों के साथ युवा क्लब और स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस नेटवर्क को ग्राम स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान माय भारत की वालंटियर अदिति ने अपने द्वारा तैयार ट्राइबल आर्ट का छायाचित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

CM साय की सोच : युवा बने विकास की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को उचित अवसर देकर उन्हें छत्तीसगढ़ और देश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाना सरकार की प्राथमिकता है।