वर्दी के पीछे छिपी सेवा की मिसाल : राष्ट्रपति पदक से लेकर राज्य पुरस्कार तक, स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित हुए पुलिसकर्मी

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के उन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में विभिन्न पदक और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए।

36 साल की सेवा के बाद मिला राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक

रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को उनकी 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026’ से सम्मानित किया गया। यह देश के सर्वोच्च स्तर के पुलिस सेवा सम्मानों में शामिल है।

10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक

अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सराहनीय सेवा और आधुनिक पुलिसिंग में योगदान के लिए 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026’ प्रदान किया गया।

इनमें पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक ATS नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई निवेदिता पॉल और सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त रायपुर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई जयलाल मरकाम तथा प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद हजारी लाल साहू को भी इस पदक से अलंकृत किया गया।

बाढ़ में रेस्क्यू और गोताखोरी के लिए नगर सेना जवानों को पदक

आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले नगर सेना के जवानों को भी सम्मानित किया गया। नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य के लिए तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी और प्रशिक्षण कार्यों के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ दिया गया।

कमजोर वर्गों और महिला-बाल सुरक्षा में काम करने वालों को पुरस्कार

कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

जांजगीर-चांपा के ASI रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ दिया गया। पुरस्कार के तहत 50 हजार रुपये नकद और बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को ‘राज्यपाल पुरस्कार’ और ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। दोनों पुरस्कारों में 50-50 हजार रुपये नकद और रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड दी गई।

गरियाबंद की SDOP निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ मिला। अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ तथा DSP (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ प्रदान किया गया।

पुलिस परेड में दिखा अनुशासन और जोश

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री (कोरबा) विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मिले ये सम्मान पुलिस और नगर सेना के उन कर्मियों की सेवा को रेखांकित करते हैं, जिन्होंने कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा राहत, प्रशिक्षण और जनसुरक्षा तक अलग-अलग जिम्मेदारियों में उल्लेखनीय योगदान दिया।

Tags :

“`