
गाली-गलौज और धमकी देने के साथ मोबाइल छीनने का भी आरोप, पीड़ित महिलाओं ने कलेक्टर-एसपी से की शिकायत; बेटियों को भी बसाहट का लाभ देने की मांग
सेंट्रल छत्तीसगढ़ (विनोद उपाध्याय)हरदी बाजार/ कोरबा ... एसईसीएल दीपका कार्यालय में मुआवजे और बसाहट की मांग लेकर पहुंचीं सुवाभोंडी गांव की आठ महिलाओं ने एक अधिकारी पर अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिलाओं का आरोप है कि कार्यालय में उनकी बात सुनने के बजाय अधिकारी ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया। इतना ही नहीं, घटनाक्रम का वीडियो बना रही एक महिला का मोबाइल भी कर्मचारी के माध्यम से छीनकर केबिन में रखवा दिया गया। मामले को लेकर पीड़ित महिलाओं ने दीपका थाने में लिखित शिकायत दी है। वहीं कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
पीड़ित महिलाओं चंद्रकली पटेल, ललिता जगत और दिव्या जगत सहित अन्य महिलाओं के अनुसार, 17 सितंबर को सुवाभोंडी गांव की आठ महिलाएं अपने मकान और बसाहट के मुआवजे से संबंधित मांगों को लेकर एसईसीएल दीपका कार्यालय पहुंची थीं। इस दौरान अधिकारी सुशील कुमार साहू पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने तथा गांव छोड़कर चले जाने की बात कहने का आरोप लगाया गया है। महिलाओं का कहना है कि दिव्या जगत ने मोबाइल हाथ में रखी थी तो सुशील कुमार साहू के द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं कहते हुए महिला कर्मचारी के माध्यम से मोबाइल छीनकर अधिकारी के केबिन में रखवा दिया गया।
बेटियां होने पर बसाहट के लाभ से वंचित क्यों?
महिलाओं की पीड़ा का मुख्य कारण बसाहट और मुआवजे के वितरण में कथित भेदभाव है। उनका कहना है कि उनके परिवार में बेटा नहीं, बल्कि बेटियां हैं। जिन परिवारों के बेटों को मकान और बसाहट का लाभ दिया जा रहा है, उसी तरह बेटियों वाले परिवारों को भी समान अधिकार मिलना चाहिए। महिलाओं का सवाल है कि आखिर बेटियां होने के कारण उन्हें अपने हक से वंचित क्यों रखा जा रहा है? वे लंबे समय से इस मांग को लेकर एसईसीएल प्रबंधन के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उनकी फरियाद पर कोई ठोस सुनवाई नहीं हो रही है।
मकान तोड़े गए, अब अधिकार के लिए भटक रहीं महिलाएं
महिलाओं के मुताबिक, गुरुवार को वे अपने गृह ग्राम सुवाभोंडी पहुंचीं, जहां एसईसीएल द्वारा उनके मकानों को ध्वस्त कर दिया गया है। मकान टूटने के बाद अब वे अपने परिवार के भविष्य और पुनर्वास को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि जब प्रबंधन ने मकानों को हटाया है, तो प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और बसाहट का लाभ भी मिलना चाहिए।
स्थानांतरण के बाद भी दीपका में पदस्थ होने की चर्चा
महिलाओं ने संबंधित अधिकारी सुशील कुमार साहू के स्थानांतरण के बावजूद एसईसीएल दीपका कार्यालय में पदस्थ रहने की बात भी उठाई है। हालांकि उनके स्थानांतरण और वर्तमान पदस्थापना की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। महिलाओं ने इस संबंध में भी प्रबंधन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
पीड़ित महिलाओं ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, मोबाइल छीने जाने की घटना की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। महिलाओं ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती रखते हुए कहा कि वे किसी से कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मांग रही हैं, बल्कि अपने परिवार के भविष्य और बेटियों के अधिकार के लिए न्याय की गुहार लगा रही हैं।