कटघोरा: ‘दीदी सम्मान समारोह’ में 200 महिलाओं का हुआ भव्य सम्मान, गढ़कलेवा में दिखा नारी शक्ति का उत्साह

कोरबा/कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में कोरबा जिले के कटघोरा स्थित गढ़कलेवा परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रिया महिला स्व सहायता समूह के तत्वाधान में आयोजित इस “दीदी सम्मान समारोह” में क्षेत्र की लगभग 200 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य और समाज में भागीदारी के लिए सम्मानित किया गया।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति

​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग और सचिव संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह पैकरा उपस्थित रहे। साथ ही, कटघोरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राज जायसवाल चूड़ी नगर पंचायत पद्मिनी देवांगन अध्यक्ष नगर पालिका उपाध्यक्ष लाल बाबू ठाकुर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

सम्मान और सराहना

​समारोह के दौरान गढ़कलेवा संचालन से जुड़ी महिलाओं और अन्य समूहों की सदस्यों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

​”आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। गढ़कलेवा जैसे माध्यमों से महिलाएं न केवल छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों को सहेज रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बन रही हैं।

राज जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद कटघोरा

आर्थिक सशक्तिकरण का केंद्र बना गढ़कलेवा

​कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि गढ़कलेवा केवल खान-पान का केंद्र नहीं है, बल्कि यह महिला स्व-सहायता समूहों के लिए आर्थिक आजादी का एक सशक्त मंच साबित हो रहा है। इसके जरिए महिलाएं खुद का रोजगार चला रही हैं और अपने परिवार के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रही हैं।

सरकार की योजनाओं पर चर्चा

​जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।