बांगों : दशहरा उत्सव देखकर लौट रहे दो युवक अनियंत्रित होकर बाइक समेत जा गिरे गहरी खाई में, एक युवक की हुई मौत दूसरा हुआ घायल

कोरबा/बांगों 6 अक्टूबर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : बांगों थाना क्षेत्र में बीती रात दशहरा उत्सव कार्यक्रम देखकर लौट रहे दो युवक हादसे का शिकार हो गए। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बांगों थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर के रहने वाले दो युवक शुभम श्याम उम्र 20 वर्ष तथा शिवनाथ सिंह दोनों कल शाम को दशहरा उत्सव कार्यक्रम देखने बाइक से ग्राम पंचायत पचरा गए हुए थे। कार्यक्रम देख कर लगभग रात्रि 3 बजे के आसपास वे वापस मानिकपुर अपने घर की ओर आ रहे थे। सलिहाभाटा व दमऊ कुंडा के बीच पहाड़ी क्षेत्र होने से दोनों युवक तेज़ रफ़्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में गिर गए। खाई में पत्थर होने से शुभम श्याम का सिर सीधे पत्थर में जा टकराया जिससे शुभम श्याम की मौके पर ही मौत हो गई तथा दूसरा शिवनाथ सिंह बुरी तरह घायल हो गया।

इस घटना को जब आसपास से गुजरने वालों ने देखा तो उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 मौके पर पहुंच कर घायल शिवनाथ सिंह को पोंडी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया तथा बांगों थाना को इस घटना की जानकारी दी। बांगों पुलिस मौके पर पहुंच कर मृतक शुभम श्याम के शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर इस घटना की विवेचना कर रही है।