

कोरबा (सेंट्रल छत्तीसगढ़) चंद्रकांत डिक्सेना :- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशवंत लाल ने इस आशय की सूचना प्रशासन को देते हुए कहा कि 21 फरवरी से पाली महोत्सव एवं पाली महाशिवरात्रि मेला आरंभ हो रहा है। इससे पूर्व अब तक सड़क में किसी भी प्रकार की मरम्मत या सुधार का कार्य नहीं होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। जिसके कारण मेले में आने वाले व्यापारी और दर्शक आम जनता सभी को सड़क से उड़ने वाली धूल और कीचड़ से बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इसे देखते हुए यदि तीन दिवस के भीतर सड़क की मरम्मत और सुधार नहीं किया गया तो 19 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे से मुख्य सड़क मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। विदित हो कि इस सड़क मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय हो गई है। इसे लेकर पूर्व में भी व्यापारियों ने चक्का जाम किया था तब सड़क सुधार एवं मरम्मत करने का आश्वासन प्रशासन की ओर से दिया गया था। लेकिन उसके बाद भी महज औपचारिकता पूरी कर ली गई। सड़क मरम्मत के नाम पर कोई ठोस कार्रवाई आज तक नहीं होने से व्यापारी और आम जनता दुखी और त्रस्त हो गई है। बदहाल सड़क के कारण अर्थव्यवस्था भी चौपट हो गया है। चूंकि पाली और कोरबा जिले में नगरीय निकाय, पंचायत, विधानसभा, लोकसभा में अब कांग्रेस के ही प्रतिनिधि चुनकर आए हैं। इस कारण से इन पर दबाव बढ़ गया है।मजबूरन कांग्रेश ही अपने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर मुखर हुआ है। चक्का जाम आंदोलन का व्यापारियों ने भी समर्थन किया है।प्रशासन को बरसात के बाद शीत ऋतु में 3 माह का समय मरम्मत के लिए मिला था ,मगर हैरानी की बात यह है कि मरम्मत के नाम पर एक ढेला तक गढ्ढो में नही डाला गया जिससे जनता आक्रोशित है।

