पाली : आज से डांडिया-गरबा की धुन पर झूमेगा नगर, मचेगी धूम.. युवक युवतियों में जमकर उल्लास.

कोरबा/पाली 18 अक्टूबर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : मिनी भारत के रूप में भिन्न-भिन्न राज्यों की संस्कृति संजोए कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के नगरवासी आज 18 अक्टूबर बुधवार से राजस्थान व गुजरात की रास गरबा में रचे-बसे दिखाई देंगे। नवरात्र के महापर्व में जहां देवी पंडालों में भक्तों का तांता लगेगा, डांडिया मैदानों में इस वैभवशाली नृत्य के जरिए गरबा प्रेमी अपने ही ढंग से उत्सव मनाएंगे। चूंकि जिले में नवरात्रि के समय पर गरबा की कई प्रतियोगिताएं आयाेजित होती है इस लिए स्वयं को ऐसी प्रतियोगिताओं में अव्वल लाने के लिए भी पाली नगर में भी गरबा डांडिया का आयोजन किया जा रहा है। गुजराती थीम पर होगा धमाल डांस। पाली के डड़सेना भवन में आज से रास गरबा की धूम मचेगी, जिसे लेकर नगर युवक, युवतियों व बच्चों में जमकर उत्साह है।

आज 18 अक्टूबर को पहले दिन बृजकिशोर एंड ग्रुप जबलपुर साथ ही श्री राम कृपा म्यूजिकल ग्रुप बिलासपुर के शानदार गरबा थीम पर थिरकेंगे युवा, दूसरे दिवस 19 अक्टूबर को श्रीराम कृपा ग्रुप झांकी बिलासपुर व श्री राम कृपा म्यूजिकल ग्रुप बिलासपुर अपनी प्रस्तुति देंगे अंतिम व तीसरे दिन यानी 20 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर के प्रसिद्ध डीजे चंदन व कोरबा जिले का प्रसिद्ध आलोक डी.जे. कटघोरा द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।

शक्ति की भक्ति, पहनावे में संस्कार की महक

नवरात्री माता शक्ति की उपासना का महापर्व है। इस दौरान गरबा मैदानों में झूमते डांडिया के शौकीनों का उत्साह देखते ही बनता है। दूर से देखने पर डांडिया खेलना काफी आसान प्रतीत होता है, पर मैदान के मध्य में स्थापित माता स्वरूप शक्ति पुंज की घंटो परिक्रमा करना एक तरह से उनकी उपासना का एक अलग रूप है। इस तरह लगातार डांडिया के धुन पर नृत्य करना व गाने की धुन तेज होने पर उसी गति से नृत्य करते हुए परिक्रमा भी तेज गति से करने की शक्ति भी उसी शक्ति पुंज से प्राप्त होती है। कई युवा नौ दिनों के पर्व में वे कभी गरबा-डांडिया खेलने से नहीं चूकते। नृत्य के दौरान पहने जाने वाले परिधान में भारत की वैभवशाली गुजराती संस्कृति व संस्कारों की झलक दिखाई देती है। फैशन के दौर में इन पारंपरिक परिधानों की अहमियत कभी कम नहीं हो सकती।