तड़के हुए मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपये इनामी नक्सलियों के मिलिट्री इंटेलिजेंस इंचार्ज को किया ढेंर, शव बरामद

दंतेवाड़(सेंट्रल छत्तीसगढ़):- लगातार पल्लव के लड़ाकों ने दमखम दिखाते हुए जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के निलवाया के जंगलों में आज मंगलवार की सुबह डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जवानों ने 5 लाख रुपये इनामी के नक्सली को मार गिराया है। मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके पर से नक्सली का शव और हथियार समेत नक्सलियों का अन्य सामान भी बरामद किया है।

दंतेवाड़ा पुलिस कप्तान डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि मुखबिर से नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद डीआरजी के जवानों को अरनपुर थाना क्षेत्र में स्थित निलवाया के जंगलों में रवाना किया गया था। मौके पर पहुंचने के बाद जवानों ने इलाके की घेराबंदी करना शुरू किया। इसी बीच नक्सलियों ने जवानों को देखते ही फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवाबी हमले में मात्र 15 से 20 मिनट के मुठभेड़ में जवानों ने मोर्चा सम्भालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें जवानों ने मौके पर से एक नक्सली का शव बरामद किया है। मारे गए नक्सली की शिनाख्त निलवाया के मल्लापारा निवासी कोसा के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि मारा गया नक्सली बीते 15 सालों से नक्सली संगठन के लिए काम कर रहा था। वह मलांगीर एरिया कमिटी का सदस्य होने के साथ ही नक्सलियों के मिलिट्री इंटेलिजेंस का इंचार्ज भी था। मारे गए नक्सली पर शासन द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि मृतक के खिलाफ विभिन्न थानों में 15 से भी अधिक नक्सली मामलों में अपराध दर्ज थे। मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके पर से एक 9 एमएम पिस्टल, एक देसी भरमार बंदूक, 3 किलो वजनी एक आईईडी बम, पिठ्ठू, दवाइयां और नक्सलियों का दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया है।