

कोरबा/कटघोरा 7 सितंबर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : फॉरेस्ट डेवलपमेंट कारपोरेशन ऑफ़ महाराष्ट्र के 6 अधिकारी 5 सितंबर से 6 सितंबर को छत्तीसगढ़ में गत 5 वर्षों में लघु वनों पर संग्रहण, प्रसंस्करण क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यो का निरीक्षण के लिए कोरबा जिले के प्रवास पर रहे। उनके द्वारा 6 सितंबर को कटघोरा वनमण्डल अंतर्गत पाली रेंज के वन धन विकास केंद्र डोंगानाला, वन औषधि प्रसंस्करण केंद्र डोंगा नाला का भ्रमण किया गया जिसमें 6 अधिकारी उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम उपस्थित अधिकारियों का स्वागत वन विकास केंद्र डोंगानाला के महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष सरोज पटेल, सचिव फूलबाई नेटि एवं समूह के अन्य सदस्यों के द्वारा किया गया। वन धन विकास केंद्र डोंगा नाला में कार्यरत महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों द्वारा प्रसंस्करण केंद्र में तैयार किए जाने वाले हर्बल उत्पाद एवं उसके उपयोग तथा क्रय विक्रय के बारे में विस्तृत जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी गई। महिला समूह के सदस्यों द्वारा समूह को प्राप्त विभिन्न अवॉर्डों की जानकारी भी बताई गई।
जिसमें वर्ष 2021 में राष्ट्रीय स्तर पर अधिकतम प्रकार के वन उत्पादों के निर्माण एवं विपणन हेतु प्रथम पुरस्कार एवं अधिकतम विक्रय हेतु द्वितीय पुरस्कार भारत सरकार के केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा के द्वारा प्रदाय किया गया था । वहीं 6 दिसंबर 2021 को बेस्ट फॉरेस्ट प्रोड्यूस हेतु छत्तीसगढ़ शासन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, मंत्रालय महानदी भवन अटल नगर नया रायपुर द्वारा शील्ड व प्रमाण पत्र एवं 11 हज़ार की राशि प्रदाय की गई थी, उसके पश्चात 22 एवं 23 जुलाई 2022 को अंतरराष्ट्रीय ग्रीट पुरस्कार पर्यावरण सामाजिक और कॉर्पोरेट प्रशासन ( ईएसजी ) वर्ल्ड सम्मिट द्वारा सिंगापुर में दिया गया।
उपस्थित अधिकारियों द्वारा समूह के कार्यों की प्रशंसा करते हुए समूह के सदस्यों को इसी तरह से कार्य करते रहने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
