![](https://centralchhattisgarh.com/wp-content/uploads/2024/09/1003447425.jpg)
![](http://centralchhattisgarh.com/wp-content/uploads/2024/01/1000279817-980x1024.jpg)
कोरबा/कटघोरा 21 जनवरी 2024 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) :अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इसको लेकर पूरा देश राममय हो चुका है। कोरबा जिले का उपनगरीय क्षेत्र कटघोरा भी पूरी तरह से राममय हो चला है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जगह जगह कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में कटघोरा के मध्यनजर बाज़ार मोहल्ले में मुख्यमार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड संध्या और विशेष पूजन अनुष्ठान के आयोजन के साथ साथ विशाल राम रैली व संध्या दुर्ग के आर्केस्ट्रा ग्रुप द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी।
*आयोजन को लेकर भगवामय हुआ पूरा नगर*
इस समय पूरे विश्व में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जब हमारे घर में कोई मेहमान आता है, तो हम उसका स्वागत करते हैं। अब तो साक्षात प्रभु श्री राम हमारे अयोध्या में आ रहे हैं जिसे लेकर पूरे देश विदेश में जोरशोर से तैयारियां की जा रही है। कटघोरा नगर भी पूरा इस समय भगवामय हो गया है। सभी जगह भगवा तोरण, नगर के मुख्य चौराहे शहीद वीर नारायण चौक को बहुत ही सुंदर सजाया जा रहा है। कटघोरा से बिलासपुर मार्ग, कोरबा मार्ग और अम्बिकापुर मार्ग हो पूरा मुख्यमार्ग भगवामय नज़र आ रहा है। यह आयोजन किसी समिति नही अपितु सर्वसमाज के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए पूरे नगर के लोग बढ़चढ़ कर अपनी सहभागिता निभा रहे है। मुख्यमार्ग बाज़ार मोहल्ला तथा परिधान वस्त्रालय के सामने स्थित हनुमान मंदिर तथा चकचकवा पहाड़ स्थित राम मंदिर को सुदर फूल मालाओं व रोशनी से सजाया जा रहा है तथा नगर के सभी मंदिरों में सजावट व पूजा की तैयारी की जा रही है।
*जयदेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा की जाएगी विशेष आतिशबाज़ी*
कटघोरा नगर के जय देवा गणेशोत्सव समिति द्वारा 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा के दिन को विशेष बनाने नगर में भव्य आयोजन को लेकर केरल के शिवाकाशी के पटाखा कारीगरों द्वारा नगर में मुख्य चौराहे के पास विशेष आतिशबाज़ी की जाएगी। समिति द्वारा इसके लिए तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
*22 को कटघोरा में मनाई जाएगी दीपावली, हर घर जलेंगे पांच दीपक.*
अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं। 22 जनवरी को रामलला को गर्भ गृह में स्थापित किया जाएगा। हर राम भक्त को इस दिन का लंबे समय से इंतजार था जो कि कल 22 जनवरी दिन सोमवार को अब पूरा होने वाला है। इस दिन को दिवाली के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही कटघोरा में इस दिन को लेकर खास तैयारी की जा रही है। 22 जनवरी को कटघोरा नगर के लोग दीपावली के रूप में धूमधाम से मनाएंगे। रामभक्त कटघोरा नगर में घर-घर जाकर अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का निमंत्रण दिया। निमंत्रण के साथ उन्होंने पीले अक्षत भी दिए। इसी के साथ सभी भक्तों को अपने घरों, कॉलोनियों, मोहल्ले, मंदिरों में पांच-पांच दीपक जलाने और इस दिन को हर्षोल्लास के साथ दीपावली के रूप में मनाने का आग्रह किया।
![](https://centralchhattisgarh.com/wp-content/uploads/2024/08/1002757603.jpg)