

कोरबा/कटघोरा ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से सत्ता में वापसी की कवायद में लग गई है। कांग्रेस ने 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की प्राथमिक तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस बूथ स्तर पर मजबूत होने के लिए अब हाईटेक तरीके का इस्तेमाल कर रही है। कोरोनाकाल में मिली सीख के आधार पर कांग्रेस अब लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के लिए डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया है। कांग्रेस से पहले भाजपा ने भी इसी तरह लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए मिस्ड कॉल अभियान चलाया था। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के अभियान से कांग्रेस का अभियान अधिक प्रामाणिक होगा।
कांग्रेस अपना डिजिटल सदस्यता अभियान 1 फरवरी से शुरू कर जो 31 मार्च तक चलेगा। इस अभियान के मार्फत कांग्रेस ने प्रदेश में अपने सदस्यों की संख्या 10 लाख पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। गुरुवार को कटघोरा शहर कांग्रेस कमेटी राजीव लखनपाल के निवास स्थित कार्यालय में डिजिटल सदस्यता अभियान के लिए ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित किया गया। इस बैठक में कटघोरा विधानसभा डिजिटल सदस्यता अभियान के प्रभारी तथा छ्त्तीसगढ़ श्रम कल्याण आयोग के सदस्य नवीन सिंह, कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष रतन मित्तल, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव लखनपाल, डॉ शेख इश्तियाक, लालबाबू ठाकुर, जिला महिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भावना जायसवाल, हसन अली तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।
मीडिया से चर्चा के दौरान कटघोरा विधानसभा डिजिटल सदस्यता अभियान के प्रभारी नवीन सिंह ने बताया की छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में डिजिटल सदस्यता अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने के बाद से पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर डिजिटल सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। नवीन सिंह ने भाजपा के मिस्ड कॉल अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का सदस्यता अभियान भाजपा के अभियान की तरह नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता लोगों के वोटर आईडी कार्ड के आधार पर ही उन्हें सदस्य बनाएंगे। नवीन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बघेल सरकार के कामकाज से जनता खुश है। उन्होंने कहा कि 2023 और 24 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने अपनी प्राथमिकता तैयारियां शुरू कर दी है,इसलिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी के डिजिटल सदस्यता अभियान के शुभारम्भ को लेकर हुई बैठक में कटघोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोरेलाल यादव, हरदी बाजार ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला, दीपका ब्लॉक अध्यक्ष मनोज लकड़ा, पार्षद संजय अग्रवाल, घनश्याम, सौरभ शर्मा, राहुल शर्मा, मनीष अनंत, शिवम गुप्ता, अनिल तिवारी, अशोक दुबे, शैलेन्द्र गोभिल, हीरा लाल यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
