कोरबा : नगर पालिका परिषद कटघोरा के कई वार्डों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि.. समाधान में रुचि नहीं.. साफ-सफाई का भी हाल बुरा.

कोरबा/कटघोरा 22 अप्रैल 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : गर्मी के सीजन में पानी की मांग बड़ी हुई है लेकिन नगर पालिका क्षेत्र कटघोरा के कई वार्डों में रहने वाले लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं। 5 दिन से पानी की आपूर्ति औपचारिक बनी हुई है। 5 से 10 मिनट चलने वाले नल लोगों को कितना पानी दे पाते होंगे, इसकी कल्पना आसानी से की जा सकती है। कटघोरा नगर के वार्ड संख्या 4, 6,7,10 और अनेक वार्डों में यह समस्या विकराल हो गई है। तापमान का पारा 40 डिग्री से ऊपर होने के चक्कर में वैसे ही यहां पर समस्याएं ज्यादा है। ऐसी स्थिति में पानी की आपूर्ति समस्यामूलक बनी हुई है। नागरिकों ने बताया कि 5 दिन काफी मुश्किल भरे हो गए हैं। पानी के लिए लोगों को मारामारी करनी पड़ रही है। यहां वहां से काम चलाना पढ़ रहा है।

बताया गया कि तकनीकी समस्या बताते हुए जलापूर्ति ठीक से नहीं होने की बात की जा रही है लेकिन इसका समाधान कैसे होगा, यह जवाब अब तक नहीं मिल सका है । वार्ड क्रमांक 9 का कुछ हिस्सा भी इस तरह की समस्या से जूझ रहा है। पानी नहीं मिलने के कारण कुल मिलाकर क्षेत्र की जनता परेशान है । लोगों को अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। सक्षम लोग अपनी व्यवस्था मौके पर लगे बोर् से कर रहे हैं लेकिन बाकी मामलों में आफत है। आश्चर्य जताया जा रहा है कि एक तरफ जल आवर्धन योजना से संबंधित काम के पूरा होने और इससे लोगों को लाभान्वित करने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन यहां पर गर्मी में परिस्थितियां कुछ अलग है। पीड़ितों का कहना है कि कई मौके पर नगरपालिका के सीएमओ से इस बारे में बात की गई लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पक्ष नहीं आ सका।

कई वार्डों में साफ-सफाई का हाल बुरा

कटघोरा नगर पालिका स्वच्छता के मामले में भी कोई ध्यान नही दे रहा है। नगर पालिका के वार्ड नं 6 राजीवनगर में नालियों में बहते गंदगी से स्थानीय वार्डवासी खासे परेशान है। बस स्टैंड की नालियों का गंदा पानी वार्ड नं 6 से होकर बहती है जबकि बस स्टैंड स्थित अनेक होटलों का गंदा पानी इसी नाली स्व बहता है। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी नाली की सफाई में कोई रुचि नहीँ दिखाते हैं। सफाई की भी तो नाली की गंदगी को बाहर निकालकर छोड़ देतें हैं। जिसकी बदबू से स्थानीय लोग काफी परेशान रहते हैं। लोगो ने बताया कि फोन करने के बाद भी नगर पालिका के अधिकारी हो कर्मचारी इस कोई ध्यान नहीं देते हैं।