कोरबा : जिले के अंतिम छोर पसान में शीतलहर.. 24 घंटे में 6 डिग्री गिरा पारा.. कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत नहीं.

कोरबा/पसान 10 जनवरी 2023 जफर खिन( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : मौसम के पूरी तरह से साफ हो जाने के बाद उत्तरी सर्द हवाओं ने कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र पसान में ठिठुरन बढ़ा दी है। पूरा पसान व आसपास का क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं और पसान क्षेत्र में पाला गिर रहा है। 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में लगभग 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दिन का पारा भी लगभग 5 से 6 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया है। इस कारण दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हाड़ कपकपा देने वाली ठंड का असर सामान्य जनजीवन पर भी पड़ने लगा है।

कोरबा जिले में इस बार ठंड ने विलंब से दस्तक दी। बीच-बीच में बादल छाए रहने के कारण ठंड का कड़ा तेवर लोगों को महसूस ही नहीं हुआ था। दिसंबर के शुरूआती हफ्ते में ठंड ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया था लेकिन बीच में फिर आकाश में बादल छाए रहने के कारण दिन व रात के तापमान में वृद्घि दर्ज होने लगी थी। दिन में सर्द हवाओं का चलना भी बंद हो गया था। सिर्फ सुबह, शाम व रात को ही ठंड अपना असर दिखा रही थी लेकिन 7 दिसम्बई से मौसम साफ होते ही सरगुजिहा ठंड के कड़े तेवर शीत लहर के रूप में सामने आया है। उत्तर की ओर से चल रही सर्द हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में दिन में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। पसान व आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त पाला गिरने के कारण लोगों का हाल बेहाल है।

जिला मुख्यालय में भी ठंड का असर दिखना शुरू हो गया है। दिन में भी लोग गर्म कपड़े लादे हुए नजर आ रहे हैं। शाम ढलते ही चौक, चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को अलाव का सहारा लेते हुए देखा जा सकता है। शहर की दुकानें देर से खुल रही हैं और शाम को जल्दी ही बंद भी हो जा रही हैं। शाम ढलते ही शहर की चहल-पहल भी कम हो जा रही है। जरूरी काम से घरों से बाहर निकलने वाले लोग ठंड से बचाव का पूरा उपाए कर बाहर निकल रहे हैं। पसान के आसपास वनांचल क्षेत्रों की हालत और खराब हो गई है। यहां ठीक से धूप दिख भी नहीं पाती और शाम ढलने लगता है। वनांचल क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड व पाले ने लोगों की दिनचर्या बदलकर रख दी है