कोरबा : छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ प्रदेश संरक्षक ने कर्मचारियों से की अपील.. हड़ताल समाप्त कर पहुंचे कार्य पर.. CM के साथ हुई बैठक में मिला आश्वासन.

कोरबा 2 सितंबर 2022 ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर जमे हुए हैं। छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त कर वापस अपने कार्य पर लौटने के लिए अपील की है उसके बावजूद भी कर्मचारी हड़ताल से वापस नहीं लौटे हैं। छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग संघ के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से हुई बैठक में आश्वस्त किया गया है।

जिसे लेकर छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग के प्रांताध्यक्ष रोहित तिवारी के निर्देश पर प्रदेश संरक्षक संतोष जायसवाल ने प्रदेश के समस्त जिलों के कलेक्टर व पुलिस अधीक्षकों से आग्रह किया है कि लिपिक वर्ग के कर्मचारियों के कार्य पर पहुंचने पर उन्हें सुरक्षा प्रदाय करने की व्यवस्था करें। फेडरेशन द्वारा कल 1 सितंबर को बैठक में लिए गए निर्णयानुसार अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने पर सहमति बनी है।

छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ फेडरेशन से पृथक होकर लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ अपने कार्य पर उपस्थित हो गए हैं। ऐसी स्थिति में लिपिक वर्ग शासकीय कार्यालयों में कार्य सम्पादित करते हैं तो मौके पर विवाद एवं शांति भंग होने पूर्ण आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पूर्व में ही समस्त जिला कलेक्टरों व पुलिस अधीक्षको को कार्य में पहुंचे कर्मचारियों पर्याप्त सुरक्षा प्रदाय करने हेतू आदेशित किया जा चुका है।

श्री जायसवाल ने छत्तीसगढ़ लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ एवं अधिकारी कर्मचारी संघ की मांगों को पूरा करने मुख्यमंत्री के पूर्व आश्वासन प्राप्त होने पर लिपिक वर्ग कर्मचारियों को उचित पूर्ण सुरक्षा प्रदाय करने की मांग की हैं। प्रदेश लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक संतोष जायसवाल ने लिपिक वर्ग से अपील की है कि कर्मचारी अपनी हठधर्मिता छोड़ अपने कार्यो को सम्पादित करें छत्तीसगढ़ राज्य सरकार हमारे साथ है। मुख्यमंत्री से हुई बैठक में उनके द्वारा हमारी मांगों को पूरा करने पूर्ण आश्वासन दिया गया है।