कोरबा :छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव 2022 का परिणाम अपने आखिरी दौर पर..1 अक्टूबर को हो सकती है परिणामों की घोषणा.

कोरबा 30 सितम्बर 2022 ( सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ) : छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव 2022 के प्रदेशाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए युवा कांग्रेस में हुए ऑनलाइन वोटिंग में फर्जीवाडे की शिकायतों के बाद रोके गए युवा कांग्रेस का चुनाव परिणाम के इंतजार अब खत्म होने की कगार पर पहुंच चुका है। ऑनलाइन हुए चुनाव में जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम के लंबे इंतजार के बाद 1 अक्टूबर को सभी परिणाम जारी होने की पूर्ण संभावना जताई जा रही है।

होंगे चुनाव परिणाम घोषित

सुबोध हरितवाल ने बताया कि स्कूटनी की प्रक्रिया पूर्ण जो चुकी है। जिसमें टोटल सदस्यता जारी की जाएगी, उसके अनुसार यूथ कांग्रेस चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसमें विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिले की कार्यकारिणी, प्रदेश की कार्यकारिणी घोषित होगी। प्रदेश अध्यक्ष के लिए तीन नामों का पैनल होगा, पैनल में जो सबसे ज्यादा वोट पाएंगे उन्हें ही बुलाकर एक साक्षात्कार के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

स्क्रूटनी के बीच लाखों सदस्य मिले फर्जी

युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सदस्यता की जांच कराई, तो पता चला कि सदस्यता एप में लाखों सदस्यों को फर्जी तरीके से सदस्यता दी गई थी। युवक कांग्रेस चुनाव के लिए फर्जी सदस्य बनाए जाने के खुलासे के बाद युकां केंद्रीय संगठन ने सभी सदस्यता की स्क्रूटनी कराने का निर्देश दिया था।

डब आवाज के सहारे बनाए गए फर्जी वीडियो

युवक कांग्रेस सदस्यता अभियान में आठ सेकेंड का वीडियो बनाना था। इसमें भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई. पेड़-पौधों का वीडियो बनाकर डब आवाज के सहारे वीडियो तैयार किया गया था।

युवाओं की जेब पर लगी साढ़े चार करोड़ का चपत

प्रदेश के युवाओं की जेब से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये फर्जी सदस्यता के कारण चले गए। युकां सदस्यता के लिए 50 रुपये की फीस रखी गई थी। सदस्यता करने के साथ ही आनलाइन फीस जमा करना था।

देश में सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ में बने थे सदस्य

देश में सबसे ज्यादा युकां के छत्तीसगढ़ में सदस्य बने थे। छत्तीसगढ़ युकां ने सदस्यता के मामले में महाराष्ट्र जैसे बड़ी आबादी वाले राज्य को भी पीछे छोड़ दिया था। एक जिला ऐसा भी है, जिसमें 1 लाख 22 हजार सदस्य बने थे। जिनमें से 84 हजार रिजेक्ट हो गए।