कोरबा : कृषि विभाग की महिला भृत्या ने राजस्व कालोनी निवास पर फांसी लगाकर की आत्म हत्या.. कटघोरा शास.अस्पताल के चिकित्सक के निरीक्षण पर उठे सवाल.. बताया हार्टअटैक से हुई मौत.. पुलिस को भी नही जानकारी.

.

कोरबा (सेन्ट्रल छत्तीसगढ़ ): कटघोरा राजस्व कालोनी में कल दोपहर कृषि विभाग में पदस्थ महिला भृत्या रतन बाई कंवर पति सुमरित कंवर की मौत पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल कल दोपहर कटघोरा राजस्व कालोनी पर निवासरत कृषि विभाग की महिला भृत्या रतनबाई कंवर अपनी ड्यूटी से दोपहर अपने घर खाना खाने आई हुई थी। और घर पर फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली थी। जिसकी मौत घर पर ही हो चुकी थी। लेकिन परिजन जब कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महिला के शव को लेकर गए तो मौके पर मौजूद डॉक्टर ने परीक्षण के दौरान यह बताया कि महिला की मौत हार्टअटैक से हुई है। और महिला के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाता है। परिजन महिला के शव को अपने गृहग्राम ले गए।

महिला की मौत पर संदेह, चिकित्सक के निरीक्षण पर उठे सवाल

कृषि विभाग की महिला भृत्या की मौत पर राजस्व कालोनी वासियों से मिली जानकारी से महिला ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। जिसके शव को वहां कुछ लोगों द्वारा फांसी के फंदे से उतारा गया था। और जिसकी मौत हो चुकी थी। लेकिन जब महिला के शव को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे तो वहां उपस्थित डॉक्टर परीक्षण उपरांत महिला की मौत अस्पताल लाने से पूर्व होने पर पुलिस को सूचित करने की बात कहीं लेकिन बाद में महिला की मौत हार्टअटैक से होना बताया गया। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि राजस्व कालोनी के लोगों द्वारा बताई गई बात अगर सच है तो महिला के गले पर फांसी के फंदे का निशान होना चाहिए था लेकिन क्या जब डॉक्टर ने परीक्षण किया तो क्या डॉक्टर को फंदे का निशान नही दिखा या फिर फांसी लगाने की बात छुपाने महिला के परिजन और डॉक्टर के बीच कुछ समझौता हुआ है। कि महिला की मौत को हार्टअटैक घोषित कर पुलिस के मामले से बचा जा सके।

पुलिस को भी नही इस मामले की पूरी जानकारी.

कटघोरा थाना में जब इसकी जानकारी ली गई तो थाना प्रभारी नवीन देवांगन ने बताया कि कृषि विभाग की महिला भृत्या की मौत की खबर तो आई है लेकिन फांसी लगाकर आत्म हत्या करने जैसी कोई जानकारी उन्हें प्राप्त नही हुई । उन्होंने बताया कि उन्हें जो जानकारी मिली है उसमें मृतक महिला बीमार थी और लकवाग्रस्त थी। यदि फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका होती तो अस्पताल से इसकी जानकारी थाना में जरूर आती। अस्पताल द्वारा इस प्रकार की कोई जानकारी थाना को नही दी गई है।

कटघोरा राजस्व कालोनी में कृषि विभाग की महिला भृत्या की मौत पर कई सवाल उठ रहे है। जहां एक ओर राजस्व कालोनी वासियों तथा आसपास के लोगों की बातों से फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है। वहीं चिकित्सक द्वारा मामले को दबाकर महिला की मौत को हार्टअटैक बनाकर पुलिस को भी गुमराह करना कही न कहीं यह मामला संदेहास्पद लग रहा है।