कोरबा : कटघोरा में भाजपा किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जलाया राहुल गांधी का पुतला.. उपराष्ट्रपति का इस तरीके से मजाक बनाना, अमर्यादित और संविधान के खिलाफ.

कोरबा/कटघोरा 21 दिसम्बर 2023 : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कटघोरा में पुतला दहन किया गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बी एस कंवर के नेतृत्व में गुरुवार को शहीद वीर नारायण चौराहे पर इण्डिया गठबंधन के विरोध में जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी और टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का पुतला फूंका गया। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की ओर से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री पर देश भर में बवाल जारी है। किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बी एस कंवर ने कहा कि उपराष्ट्रपति का इस तरीके से मजाक बनाना, अमर्यादित है एवं संविधान के खिलाफ है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग ने कहा कि भारत देश के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का शर्मनाक तरीके से विपक्ष के नेताओं द्वारा मिमिक्री करना और उनका मजाक उड़ाना साथ ही राहुल गांधी द्वारा उसका वीडियो बनाना और हंसी ठिठोली करना भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं को शर्मसार करता है। यह किसी व्यक्ति विशेष या जाति का नहीं बल्कि भारत के उपराष्ट्रपति का अपमान है। देश के अन्नदाता किसानों का अपमान है।

भारतीय जनता पार्टी के कटघोरा मण्डल अध्यक्ष धन्नू दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने जो अभद्र टिप्पणी के साथ-साथ अभद्र वीडियो प्रसारित की है। उसके लिए यह निंदा का विषय है कि कांग्रेस पार्टी का युवराज भी है और एक जिम्मेदार पद पर भी है। उसे शर्म आनी चाहिए। जिस तरह से बचकानी हरकत जो राहुल गांधी करते हैं, उन्हें शर्म आनी चाहिए

इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बी एस कंवर, कटघोरा मण्डल अध्यक्ष धन्नू दुबे, जिला महामंत्री किसान मोर्चा डॉ पवन सिंह, भाजपा किसान मोर्चा मण्डल अध्यक्ष अशोक तिवारी, विशेष आमंत्रित सदस्य लीलारपुरी गोस्वामी, किसान मोर्चा महामंत्री पवन जायसवाल, जिला मंत्री डाकेश्वर शुक्ला, मनोज दुबे, टीकम पाल संतोष जायसवाल उपस्थित रहे।