

कोरबा/कटघोरा 22 अप्रैल 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कटघोरा नगर में सर्व ब्राह्मण समाज ने भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। भगवान परशुराम के प्राकट्य उत्सव की संध्या पर वार्ड नं 4 के राधा कृष्ण मंदिर से रैली का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी तादाद में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की प्रतिमा और आकर्षक झांकियों ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
शोभायात्रा में शामिल होने के लिए दूरदराज ग्रामीण अंचलों से भी विप्र जन पहुंचे। ब्राह्मण समाज के संयोजन में निकाली गई भगवान परशुराम की विशाल शोभायात्रा जहां-जहां से भी गुजरी वहां-वहां पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। विभिन्ना संगठनों के द्वारा शोभायात्रा की अगुवाई की गई और भगवान परशुराम का पूजन अर्चन किया गया। भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठवां अवतार माना जाता है। इसी वजह से अक्षय तृतीया के साथ ही परशुराम जयंती भी मनाई जाती है। आतिशबाजी के साथ तथा देवों के रूप में कलाकारों का आकर्षक नृत्य भगवान परशुराम की शोभायात्रा की भव्यता देखते ही बन रही थी। इस मौके पर शोभायात्रा में शामिल ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने सामाजिक एकता पर जोर देते हुए सभी को भगवान परशुराम के प्राकट्य उत्सव की बधाइयां दी।

भगवान परशुराम की शोभायात्रा बाज़ार मोहल्ला से शुरू होकर कटघोरा शहीद वीर नारायण चौक होते हुए न्यू बस स्टैंड का भ्रमण कर बिलासपुर मार्ग होते हुए शोभायात्रा अग्रसेन भवन में जाकर समाप्त हुई । अग्रसेन भवन में समस्त लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर कटघोरा के समस्त विप्र बंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
