कोरबा: “आप मन के सुरक्षा,आप मन के हांथ म” कटघोरा पुलिस ने NSS कैम्प में छात्राओं को बताई अभिव्यक्ति एप की खासियत.

कोरबा/कटघोरा 18 दिसम्बर 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ): महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा तैयार किया गया है। जिसे लेकर कटघोरा पुलिस ने सोमवार को कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कटघोरा के राष्ट्रीय सेवा इकाई NSS कैम्प विजयपुर में छात्र छात्राओं को इस एप की खासियत को बताई। कटघोरा थाना प्रभारी तेजकुमार यादव ने बताया कि इस एप के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। कहीं से भी अपनी शिकायत पुलिस के पास दर्ज करा सकेंगी। यानी अब महिलाओं को थाने जाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

इसके अलावा महिलाएं अब अपनी सुरक्षा को लेकर सुझाव भी पुलिस विभाग तक पहुंचा सकेंगी। उन्हें बताया गया कि प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति महिला सुरक्षा एप डाउनलोड करना है। इसमें उन्हें साइन इन करना है। अपना मोबाईल नंबर डालना है। इसके बाद ओटीपी आएगा उसे एप में डालना है। केवायसी अपडेट करना है। इसमें बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, मारपीट, टोनही प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, अपहरण, मानव तस्करी, एसिड अटैक, अवयस्क के साथ लैंगिक उत्पीड़न, कार्य स्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, साइबर अपराध व अन्य शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ आर के भारद्वाज के साथ लगभग 20 बालिकाएं व 35 बालक उपस्थित थे।

साथ ही नशा मुक्ति को लेकर बताया कि नशा शारीरिक समस्याओं के साथ ही आर्थिक और सामाजिक स्तर पर भी नुकसान का कारण बनता है। बच्चों को नशा नहीं करने का संकल्प व इसके दुष्प्रभाव के बारे में भी बताया गया तथा वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने की आवश्यकता को बताया गया। इस अवसर पर कटघोरा थाना प्रभारी तेजकुमार यादव, आरक्षक महेंद्र चंद्रा, महिला आरक्षक रामेश्वरी कंवर उपस्थित रहे।