कटघोरा : विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में वर्चुअली जुड़े मुख्यमंत्री भूपेश बघेल.. प्रशिक्षण शिविर में आने वाले चुनाव पर जीत के लिए दिए गए गुरुमंत्र.

कोरबा/कटघोरा 4 जुलाई 2023 (सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : मंगलवार को कटघोरा अग्रसेन भवन में कांग्रेस का विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में डॉ जे पी श्रीवास्तव उपाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ ने कांग्रेस संगठन द्वारा तैयार की गई रणनीति को साझा किया। श्रीवास्तव जी ने बताया कि प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ में पहुंचकर मतदाताओं को छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करना है। वहीं भूपेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देना है। ट्रेनर्स से कांग्रेस पदाधिकारियों को बूथ लेवल में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद बनाए रखने की बात कही।

बूथ अध्यक्ष को जिम्मेदारी हर मतदाता की जानकारी रखें कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में बूथ अध्यक्ष व बीएलओ को मतदाता सूची का गहन अध्ययन करने कहा गया। एक-एक मतदाता की पहचान कर उससे संपर्क बनाने की जिम्मेदारी दी गई। वहीं कांग्रेस के ट्रेनर्स ने कहा कि भाजपा जिस तरह का झूठ फैला रही है। उसे बेनकाब करने का काम भी कांग्रेस पदाधिकारियों को करना है। जनता तक पहुंचकर केंद्र व पूर्व के रमन सरकार के नाकामयाबियों को जनता के सामने रखें। इसके अलावा पार्टी की उपलब्धियां बताएं।

प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वर्चुअली जुड़े। जिसमें उन्होंने प्रशिक्षण शिविर का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चुनाव नेता नहीं, कार्यकर्ता लड़ते है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि आगामी चुनाव के लिए कमर कस ले और बूथ तक पहुंचकर कांग्रेस सरकार की योजनाओं के लाभ मतदाताओं को बताएं। उन्होंने बूथ लेवल तक मजबूत पकड़ बनाने की बात कही। वही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें 2023 में विधानसभा चुनाव, 2024 में लोकसभा चुनाव दोनों में जीत हासिल करनी है। उस हिसाब से हमें कड़ी मेहनत करनी है। जिसके लिए अभी से जुट जाने की अपील उन्होंने की और हाथ उठाकर सभी से इस संबंध में समर्थन भी मांगा।

आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कटघोरा द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर में कटघोरा विधानसभा के विधायक पुरुषोत्तम कंवर ,शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव लखनपाल, नपा अध्यक्ष रतन मित्तल, राज्य गौ सेवा आयोग के सदस्य प्रशांत मिश्रा, मदरसा बोर्ड के सदस्य डॉ शेख इश्तियाक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राज जायसवाल, कोरबा जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह, कटघोरा विधानसभा उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, सौरभ शर्मा, जय नारायण कंवर, दीपका ब्लॉक अध्यक्ष, कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष के साथ ही बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल हुए।