कोरबा : नगर पालिका के कर्मचारियों को तीन माह से नहीं मिला वेतन.. कर्मचारियों में बढ़ रहा आक्रोश.

कोरबा/कटघोरा 19 दिसंबर 2022 ( सेंट्रल छत्तीसगढ ) : कटघोरा नगर पालिका परिषद की माली हालत खस्ता है। स्थिति यह है कि नियमित कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है और चौथा माह चल रहा है। प्लेसमेंट कर्मचारियों का भुगतान भी तीन माह से नहीं हुआ है और तीसरा माह भी अब आधा बीत चुका है। ऐसे में कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में रोष है। इधर राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर जगह जगह कार्यक्रम आयोजित कर उत्सव मनाया जा रहा है।

कटघोरा नगर पालिका के नियमित और प्लेसमेंट के कर्मचारियों से काम तो पूरा लिया जा रहा है मगर उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसे में कर्मचारी बिना वेतन के ही काम कर रहे हैं। नगर पालिका में लगभग 40 नियमित, 82 के आसपास प्लेसमेंट कर्मचारी से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। नियमित कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिला है। वहीं प्लेसमेंट कर्मचारियों को तीन माह का वेतन भुगतान होना है। इधर पालिका का फंड पूरा खाली बताया जाता है। वेतन देने के लिए पैसे नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि दीपावली में दो माह का वेतन दिया गया लेकिन उसके बाद से अभी तक वेतन नही मिल पा रहा है। उन्हें आर्थिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

एक माह में नियमित व प्लेसमेंट कर्मचारियों को लाखों रुपए वेतन भुगतान होता है। पालिका के पास आय के पर्याप्त स्त्रोत हैं पर राजस्व वसूली में लापरवाही बरती जा रही है जिसके चलते पालिका के पास वेतन देने के लिए रूपए नहीं है। सितंबर माह से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। ऐसे में तीन माह से कर्मचारी बिना वेतन के काम कर रहे हैं। कर्मचारी नगर पालिका अध्यक्ष व नपा सीएमओ के पास भी वेतन के लिए गुहार लगा चुके हैं। लेकिन किसी प्रकार कोई जवाब नही दिया जाता है जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।