

कोरबा/कटघोरा 13 मई 2023 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजों में कांग्रेस ने भव्य जीत दर्ज की है. राज्य में बीजेपी का सूपड़ा करने वाली कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई है। कर्नाटक चुनाव में जीत से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। कांग्रेसी जश्न मना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी ढोल नगाड़े लेकर कार्यकर्ता नाचते गाते और खुशियां मनाते नजर आ रहे हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि बजरंगबली के आशीर्वाद से कर्नाटक में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। कांग्रेसी यह दावा भी कर रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कई राज्यों में जीत दर्ज करेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी को उखाड़ फेकेंगे।
कोरबा जिले के उपनगरीय क्षेत्र में शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कांग्रेसी कटघोरा के वरिष्ठ कांग्रेसी पवन शर्मा के निवास स्थान शिव इंटरप्राइजेज मे पहुंची। इस मौके पर कोरबा की लोकप्रिय सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, पाली तानाखार विधायक मोहितराम केरकेट्टा साथ ही छत्तीसगढ़ खाद आयोग के सदस्य हरीश परसाई, शहर कांग्रेस कमेटी कटघोरा के अध्यक्ष राजीव लखनपाल, जिला महिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की अध्यक्ष भावना जायसवाल,अशरफ मेमन, डॉक्टर देवेंद्र कौशिक, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आकाश शर्मा, एवं अन्य कांग्रेसी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताऑ ने अतिशबाजी एवं लड्डू खिलाकर कर्नाटक की जीत पर जश्न मनाया।

कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत का कहना है कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का मुख्य कारण भाजपा के लोगों का झूठ है। भाजपा लोगों को गुमराह कर कभी भगवान के नाम पर, कभी लव जिहाद के नाम पर तो कभी हिंदू मुस्लिम का नाम लेकर चुनाव जीतना चाहती थी। भाजपा झूठ के ऊपर झूठ बोलकर लोगों को इमोशनल ब्लैकमेल करती है। जनता अब इस बात को अच्छी तरह से समझ चुकी है। इसलिए भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
