कटघोरा : अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर नगर हुआ भगवामय.. मन्दिरों में अनुष्ठान और कीर्तन के साथ हुए भोग भंडारे.. आकर्षक राम मंदिर रंगोली और आतिशबाज़ी रही आकर्षण का केंद्र.

कोरबा/कटघोरा 23 जनवरी 2024 ( सेंट्रल छत्तीसगढ़ ) : कटघोरा नगर  22 जनवरी का माहौल भक्तिमय रहा। नगर में हर तरफ राम के नाम की गूंज दिखाई दी। नगर के कई मंदिरों में व भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन और पूजा-भंडारा का आयोजन किया गया। अयोध्या के नए मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई तो नगर भर में मंदिरों में विशेष पूजा का भी आयोजन किया गया। कटघोरा बिलासपुर मार्ग पर स्थित हनुमान मंदिर में सुबह से ही गायत्री परिवार द्वारा विशेष पूजा अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मन्दिर में सुबह से सुंदर कांड का पाठ किया गया तो पूजा अनुष्ठान पश्चात प्रसाद वितरण किया गया वही संध्या को भोग भंडारे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्व समाज द्वारा किया गया। शाम को दुर्ग के ओर्केस्ट्रा द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया।

राम भक्ति व भगवामय के सरोवर में डूब गया नगर

22 जनवरी अयोध्या में भगवान श्री राम के वर्षों बाद गर्भ गृह में प्रवेश करने और प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जहां देश भर में उत्साह का माहौल रहा वहीं कटघोरा नगर भी राम भक्ति के सरोवर में डूब गया। राम भक्त राम भक्ति के सरोवर में डुबकी लगा रहे थे। सुबह से ही जहां मंदिरों में साफ सफाई कर भजन कीर्तन चलता रहा तो वहीं दूसरी ओर जगह-जगह राम भक्तों के द्वारा गाजे बाजे के साथ राम के जयकारों की गूंज रही। राम भक्त राम का जयकारा लगाते हुए खूब झूम रहे थे और नाचते हुए नज़र आये। कटघोरा मुख्यमार्ग पर हनुमान मंदिर में संध्या भजन संध्या में काफी संख्या में युवा महिला पुरुष बच्चे भी काफी उत्साह के साथ इस राम भक्ति में झूमने को मजबूर हो गए थे।

जयदेवा गणेशोत्सव समिति द्वारा आकर्षण राममंदिर रंगोली व आतिशबाज़ी रही आकर्षण का केंद्र

कटघोरा नगर के प्रसिद्द कटघोरा का राजा जय देवा गणेशोत्सव समिति द्वारा नगर के मुख्य चौराहे को सुंदर रोशनी व श्रीराम के बैनर से सजाया गया था। वही रैन बसेरा के सामने श्रीराम मंदिर की सुदर रंगोली बनाई गई थी और लगभग 11 हज़ार दीपों से जय श्री राम व सुंदर तरीके से पूरी तरह सजाया गया। शाम को रामलला की आरती कर लगभग 2 घण्टे आकर्षक आतिशबाजी की गई। कड़कड़ाती ठंड में लोग आतिशबाजी का आनंद लेने व राम भक्ति में जय श्रीराम के जयकारे लगाते रहे रामभक्त।

पुरानी बस्ती के नवनिर्मित मन्दिर में हुई माता दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा

भगवान राम की अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के साथ पुरानी बस्ती कटघोरा दुर्गा मंदिर में दुर्गा माता कीप्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई दुर्गा मंदिर का निर्माण 1960 में लघु रूप में हुआ था जिसे 1978 में जीर्णोद्धार कर बड़ा रूप दिया गया था।  22 जनवरी 2024 को नए स्वरूप में दुर्गा मंदिर का जिर्णोद्धार किया गया।प्राण प्रतिष्ठा संपन्न पुरोहित श्री टंकेश दुबे, श्री राकेश दुबे, श्री घनश्याम दुबे, श्री प्रेम दुबे जी के द्वारा किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रसाद के रूप में भंडारा का आयोजन किया गया।  21 एवं 22 तारीख को जगराता का कार्यक्रम रखा गया था। 21 को कार्यक्रम उपाध्याय बंधुओं के द्वारा किया गया एवं 22 का कार्यक्रम जमनीपाली के संगीतकारों के द्वारा किया गया। रात्रि 12:00 बजे तक मंदिरों में भक्त जनों का आना-जाना लगा रहा। सभी नगर वासी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ माता दुर्गा जी की प्राण प्रतिष्ठा होने से हर्षित हुए।

गढ़ कलेवा में तहसीलदार मंडावी ने की श्रीराम जी की आरती

श्रीया महिला स्व सहायता समूह द्वारा न्यू बस स्टैंड के पास स्थित गढ़ कलेवा में प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में आरती एवं पूजा की गई। जिसमें कटघोरा तहसीलदार भूषण मंडावी ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारी व सभी को राम मंदिर बनने व प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।