एचटीपीएस 840 मेगावाट विधुत्त संयंत्र में घटी घटना,ऊँचाई से गिर कर मज़दूर की हुई मौत


कोरबा (सेंट्रल छत्तीसगढ़) अजय राय – संयंत्रों के भीतर होने वाली दुर्घटनाओं का सिलसिला बदस्तूर जारी है। लापरवाही की वजह से एक बार फिर एक मज़दूर काल के गाल में समा गया। अधिकारियों व ठेकेदारों की आपसी साँठगाँठ का शिकार आम मज़दूर हमेशा से बनते आ रहा है। दरअसल दर्री स्थित हसदेव ताप विघुत्त संयंत्र में मंगलवार की शाम लगभग 4:45 में एक मजदूर कार्य के दौरान हताहत हो गया। छत्तीसगढ़ राज्य विघुत्त उत्पादन कंपनी मर्यादित कोरबा पश्चिम 840 मेगावाट विधुत्त संयंत्र के क्रेशर हाऊस में प्रोफाइल शीट लागाने का कार्य मेसर्स महामाया इंटरप्राइजेस को मिला हुआ था। जहाँ दर्री प्रगति नगर निवासी 42 वर्षीय रमेश गोंड़ बतौर मज़दूर कार्यरत था। रोज़ की तरह आज भी वह शीट लगाने का कार्य कर रहा था। इस बीच लोहे के फ्रेम के सहारे वह शीट फिटिंग कर रहा था।तभी एकाएक लोहे के फ्रेम के साथ ही रमेश गोंड़ लगभग 30 फ़ीट नीचे फ्लोर पर औंधे मुंह गिर पड़ा। प्रत्यक्ष दर्शियों की माने तो घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे विधुत्त संयंत्र में अफरातफरी मच गयीं। मौके पर अधिकारी, कर्मचारी व मज़दूरों का हुजूम उमड़ पड़ा। घटना के लगभग 10 मिनट बाद सीएसईबी के विभागीय एम्बुलेंस से घायल रमेश को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत रमेश को मृत घोषित कर दिया।जहाँ मृतक रमेश के शव को मरचुरी में रखा गया है।

बहरहाल घटना की जानकारी दर्री थाना में दे दी गयी है। वही इस घटना के पश्चात फिर से सुरक्षा उपकरण की अनदेखी व लापरवाही होने की बात भी सामने आ रही है।वर्तमान में संयंत्र के भीतर कई स्थानों में बगैर सुरक्षा उपकरण हेलमेट,सेफ्टी शूज़,सुरक्षा पेटी के तंग व खतरनाक जगहों पर मज़दूरों को कार्य करते देखा जा सकता। बहरहाल इस पूरे मामले में दर्री पुलिस द्वारा बुधवार को जांच की जाएगी।


(कोरबा से अजय राय)